संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। आरटी पीसीआर जांच रिपोर्ट में देरी से एक शिक्षा मित्र को समय से उपचार नहीं मिल पाया। परिजन एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकते रहे और उसको उपचार न मिलने के कारण मौत हो गई।
कोर्ट रोड गली नंबर-6 निवासी सचिन पुत्र धर्मपाल नया गांव स्थित प्राइमरी स्कूल में शिक्षा मित्र था। 16 अप्रैल को उसको बुखार हुआ। कोरोना संक्रमित होने का शक होने पर परिजन उसे सीएचसी बागपत ले गए। 72 घंटे बाद भी उसकी जांच रिपोर्ट नहीं आई। इस बीच सचिन की हालत बिगड़ती गई, लेकिन परिजनों के लाख गिड़गिड़ाने पर भी सीएचसी और जिला अस्पताल में उसे उपचार नहीं मिला। 18 अप्रैल की रात उसे दिल्ली रोड स्थित क्रिस्टल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। यहां से मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। जहां शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई।