बागपत में बच्चों के बीच पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हमशक्ल अशोक पटेल
- फोटो : amar ujala
बागपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हमशक्ल अशोक पटेल जैसे ही शहर में पहुंचे तो लोगों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। मोदी के नारे लगने शुरू हो गए। उन्होंने तीनों विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांग रहे हैं। भाजपा नेता राजा जैन के आवास पर उन्होंने बच्चों के साथ मौज मस्ती की।
चुनाव के दौरान लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : डीएम
बागपत। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम हृदय शंकर तिवारी ने बड़ौत विधानसभा क्षेत्र के पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में उनका मनोबल बढ़ाया। जिलाधिकारी ने कहा कि कर्मचारियों का काम काफी महत्वपूर्ण है। पीठासीन अधिकारी अपनी डायरी सोच समझकर लिखे और सेक्टर मजिस्ट्रेटों का दायित्व है कि पीठासीन अधिकारी की डायरी पढे़ं। निर्देश का पूर्ण रूप से अध्ययन करें और निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराए। उदासीनतावश यदि कोई गड़बड़ी हुई तो उनकी यह गलती क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा बूथ पर केवल महिला कर्मचारी की ड्यूटी करेंगी। निर्देश दिए कि प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले पीठासीन अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, मतदान अधिकारी पहले अपना वोट कास्ट करें और इसके बाद ही घर जाएं। बड़ौत विधानसभा क्षेत्र के पर्यवेक्षक सनोज कुमार झां, छपरौली पर्यवेक्षक मणिमाला फूकन बोरठाकुर ने कहा मास्टर ट्रेनर्स को सही ट्रेनिंग लेने के निर्देश दिए। सेक्टर मजिस्ट्रेट सुनिश्चित करेंगे कि पीठासीन अधिकारी को ईवीएम लेकर अधिक दूरी तक पैदल न चलना पडे़। ईवीएम सुरक्षा के साथ बस तक पहुंचे। सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।