मुजफ्फरनगर में डंपर से रेत उतारते वक्त एचटी लाइन की चपेट में आने से हुआ हादसा
दोघट (बागपत)। गांव मिलाना निवासी डंपर चालक की मुजफ्फरनगर में करंट लगने से मौत हो गई। डंपर से रेत उतारते वक्त एचटी लाइन की चपेट में आने से हादसा हुआ। घर के इकलौते कमाने वाले की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
मिलाना निवासी मुबारिक (19) मतलूब मुजफ्फरनगर में डंपर पर चालक था। शुक्रवार को वह मुजफ्फरनगर में मीरापुर जानसठ मार्ग पर एक दुकान पर रेत उतार रहा था। इसी वक्त डंपर ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन से टच हो गया। डंपर में करंट उतरने से चालक मुबारिक झुलस गया। उसे मुजफ्फरनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन बिना किसी पुलिस कार्रवाई के ही शव को गांव ले आए और गमगीन माहौल में सुपुर्द ए खाक कर दिया। युवक की मौत पर घर मे कोहराम मच गया। उसकी मां सलमा व दो छोटे भाइयों का रो रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक मुबारिक घर में इकलौता कमाने वाला था। उसके पिता की भी दो वर्ष पूर्व मौत हो गई थी।