-लोगों को डिजिटल अरेस्ट करने, ऑनलाइन निवेश कराने समेत अन्य तरीकों से करते हैं ठगी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। ठगी करने वालों का दुबई ठिकाना बन गया है। यहां पर ठगी का गिरोह तैयार करने के बाद सरगना दुबई में चले जाते हैं और वहां से ठगी का पूरा नेटवर्क चलाते हैं। यहां ठगी की कई घटनाओं में दुबई कनेक्शन खुलकर सामने आ रहा है। लोगों को डिजिटल अरेस्ट कर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का सरगना समेत कई साथी दुबई में छिपे हुए हैं तो 210 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में शामली का युवक भी दुबई में छिपा हुआ है।
केस नंबर एक-
-दुबई में छिपा साइबर ठगों के गिरोह का सरगना
डिजिटल अरेस्ट कर बागपत, दिल्ली, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत अन्य जगहों के लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के आठ सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया तो इसमें दुबई कनेक्शन का खुलासा हुआ। गिरोह का सरगना मोहित जैन निवासी बड़ौत समेत पांच सदस्य दुबई में छिपे हुए हैं। मोहित जैन ही दुबई से ही गिरोह का संचालन कर रहा था और ठगी के लिए नए-नए तरीकों के साथ ऑनलाइन गेमिंग-बेटिंग वेबसाइट भी तैयार कराकर देता है, क्योंकि गेमिंग एप पर भारत में प्रतिबंधित है।
केस नंबर दो-
यहां ठगी करके दुबई में घूमते थे दो भाई
बागपत, दिल्ली, हरियाणा समेत अन्य जगहों के लोगों के साथ क्रिप्टो करेंसी में निवेश कराने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया था। इसमें पुलिस ने विनोद स्वामी और उसके भाई सचिन स्वामी निवासी बिलौचपुरा के खिलाफ धोखाधड़ी के छह मुकदमे दर्ज किए। इसके बाद गैंगस्टर की कार्रवाई भी की गई। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी भाइयों ने दुबई में ठिकाना बना रखा था, जो वहां जाते रहते थे।
210 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाला भी दुबई में छिपा
हिमाचल प्रदेश, गोवा, पंजाब, उत्तराखंड के दस हजार से अधिक लोगों से 210 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी होने पर चंडीगढ़ ईडी ने शामली, मुजफ्फरनगर और बागपत में छापामारी की। ईडी ने गिरोह के सरगना और सदस्यों के घरों पर मिले दस्तावेज जब्त कर कई लोगों से पूछताछ भी की। जांच में पता चला कि गिरोह का सरगना लविश दुबई में छिपा हुआ है और वहीं से सारा काम करता है।
-
वर्जन-
साइबर ठगी की घटनाओं में शामिल आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है। दुबई में छिपे साइबर ठग गिरोह के सरगना के लिए इंटरपोल को पत्र लिखा जाएगा। यहां से ठगों के दुबई कनेक्शन काफी मिल रहे हैं। -सूरज कुमार राय, एसपी।