संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्ष पूर्ण होने पर इब्राहिमपुर माजरा गांव में शनिवार को स्वयंसेवकों ने पथ संचलन किया। इससे पूर्व स्वयंसेवकों ने भारत माता, संघ के संस्थापक डाॅ. हेडगेवार, गुरु गोलवरकर के चित्रों के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित किया।
स्वयंसेवकों ने भारत माता के जयकारे लगाते हुए गांव में पथ संचलन किया। लोगों ने स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय सामाजिक सद्भाव प्रमुख अशोक बैरी ने कहा कि मां भारती की सेवा, राष्ट्रीय एकता और सनातन संस्कृति के संवर्धन को आरएसएस ने अपने 100 वर्ष समर्पित किए हैं। इस दौरान सह विभाग कार्यवाह विकास माजरा, जिला कार्यवाह जोगिंदर सिंह, आशीष, आनंद आदि मौजूद रहे।
उधर, दोघट में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ खंड दोघट के स्वंयसेवकों ने शनिवार को भारत माता की जयघोष के साथ पथ संचलन किया। लोगों ने पथ संचलन का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सह प्रांत प्रौढ़ कार्य प्रमुख रामभरोसे लाल भाईजी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अनेकता में एकता की भावना के साथ जन-जन में राष्ट्र प्रेम की ज्योति को प्रज्ज्वलित कर रहा है। स्वयंसेवक संघ के केसरी ध्वज की छत्रछाया में प्रेरणा लेकर संघ के स्वंयसेवक राष्ट्र को ऊंचाई प्रदान कर रहे हैं। पथ संचलन गांधी स्मारक इंटर कालेज दोघट से शुरू होकर पट्टी भोजान से पट्टी तिरोसिया से होते हुए कॉलेज पर समाप्त हुआ।