हर सत्र में 15-15 लाभार्थियों पर किया
तैनात रहे नोडल व सेक्टर मजिस्ट्रेट
संवाद न्यूज एजेंसी।
बागपत। जिले में सोमवार को आठ सेंटर के 17 सत्र लगाकर कोरोना के टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया। ड्राई रन के दौरान सेंटर पर नोडल अधिकारी व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे। डीएम शकुंतला गौतम ने जिला महिला चिकित्सालय में कोविड -19 वैक्सीन के ड्राई रन का निरीक्षण किया इस दौरान उन्होंने सत्यापन काउंटर , वेटिंग कक्ष , टीकाकरण कक्ष, निगरानी कक्ष , एईएफआई मैनेजमेट कक्ष का भौतिक सत्यापन कर निर्देश दिए।
सोमवार को जिले की सभी सीएचसी के अलावा जिला अस्पताल व बड़ौत के एक प्राइवेट अस्पताल के 17 सत्र लगाकर कोरोना का ड्राई रन किया। ड्राई रन में 34 सुरक्षा कर्मी तैनात रहे और 251 लाभार्थियों पर पूर्वाभ्यास किया। डीएम शकुंतला गौतम ने पूर्वाभ्यास गाइड लाइन के अनुरूप कराने के निर्देश। उन्होंने सेंटर के बाहर बैनर लगाने के निर्देश दिए ताकि टीकाकरण के बारे में लोगों को जानकारी हो सके। उन्होंने कहा 16 जनवरी को वास्तविक टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कोल्ड चेन में सीसीटीवी कैमरा ,फ्रिज नियत तापमान पर वैक्सीन को रखने सहित अन्य व्यवस्थाएं 16 जनवरी के पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉल पर मरीजों का फीड बैक लिया
बागपत। जिलाधिकारी ने कोरोना के मरीजों से वीडियो कॉल पर फीड बैक और मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं के के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि उन्हें मिलने वाली सभी सुविधाएं ठीक है। मरीज सत्यपाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग से मिलने वाली सभी सुविधाएं अच्छी है।
सैनिटाइजर का छिड़काव करने के निर्देश
बागपत। जिलाधिकारी ने जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुरुचि शर्मा को कोविड 19 से अधिक प्रभावित क्षेत्र में सैनिटाइजेशन का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कोरोना की चेन को रोकने के लिए सर्विसलांस अधिकारी को सघन सर्विसलास कराने के निर्देश दिए हैं।