बालैनी। यूपी के कौशांबी में आयोजित 54 वीं स्टेट चैंपियनशिप में बालैनी क्षेत्र की चार खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण पदक और दो रजत पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। बालैनी आने पर ग्रामीणों ने पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सात से 10 जनवरी तक 54 वीं स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप चली। इसमें बालैनी क्षेत्र की चार खिलाड़ियों ने भाग लिया । हैमर प्रतियोगिता के अंडर 16 में गाधी गांव की तानिया ने रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता और हैमर थ्रो की अंडर 18 में बालैनी की नेहा यादव ने गोल्ड पर कब्जा जमाया। हैमर थ्रो के अंडर 16 में सिंघावली अहीर गांव की मीनाक्षी ने रजत पदक और अंडर 18 में बालैनी की प्रीति ने रजत पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। सोमवार को ग्रामीणों ने चारों खिलाड़ियों को सम्मानित किया। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. एसपी यादव ने सभी खिलाड़ियों को ट्रैक सूट और नगद राशि देकर सम्मानित किया। इस दौरान सतेंद्र कोच, मुरली यादव, विवेक यादव, नितेश यादव, संजीव यादव, बिन्नू यादव, विनोद कुमार विश्वकर्मा, हरिकेश शर्मा और दीपक मैत्रेय मौजूद रहे।