- प्रति माह दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि को 3000 से बढ़ाकर 4000 रुपये किया
- 20 साल से नौकरी कर रहे चालकों को प्रतिमाह अतिरिक्त लाभ 1500 रुपये दिया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। संविदा चालकों को अब प्रति किमी 2.18 से बढ़ाकर 2.28 रुपये के हिसाब से पारिश्रमिक भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा प्रति माह दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में भी एक हजार रुपये की बढ़ोत्तरी की है। डिपो के 225 चालकों को लाभ मिलेगा।
परिवहन विभाग में संविदा चालकों को अभी तक 2.18 रुपये के हिसाब से पारिश्रमिक दिया जा रहा था। महंगाई को देखते हुए चालकों के पारिश्रमिक में बढ़ोत्तरी की गई है। अधिकारियों के अनुसार अब सभी चालकों को 2.28 रुपये के हिसाब से पारिश्रमिक भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा प्रति माह दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि 3000 हजार को बढ़ाकर 4000 रुपये किया गया है। बताया कि 10 साल से नौकरी कर रहे चालकों को प्रतिमाह अतिरिक्त लाभ 750 रुपये व 20 साल से नौकरी कर रहे चालकों को 1500 रुपये दिए जाएंगे। इनके बढ़ने से अब प्रतिमाह करीब 25 हजार रुपये वेतन पा सकेंगे। यह लाभ एक जनवरी 2026 से मिलेगा। बताया कि अब मासिक वेतन में बढ़ोत्तरी होने से काफी संख्या में डिपो को नए चालक मिलने की उम्मीद है। संविदा चालकों को गृह जनपद में ही ड्यूटी दी जाती है।
वर्जन
विभाग ने संविदा चालकों की प्रोत्साहन राशि, अतिरिक्त लाभ व प्रति किमी दिए जाने वाले पारिश्रमिक भुगतान में वृद्धि की है, जिसका डिपो के 200 से अधिक चालकों को लाभ मिलेगा। - हाकिम सिंह, एआरएम बड़ौत