- कलक्ट्रेट सभागार में टास्क फोर्स की हुई बैठक, डीएम ने क्षतिपूर्ति वसूलने व सीज करने के आदेश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कलक्ट्रेट सभागार में टास्क फोर्स की मंगलवार को बैठक हुई। डीएम अस्मिता लाल ने कहा कि गाजियाबाद में हो रहे रेत खनन के कारण वाहन अलीपुर तटबंध से गुजर रहे हैं और इससे तटबंध क्षतिग्रस्त हो रहा है। उन्होंने वाहनों पर कार्रवाई व तटबंध की मरम्मत कराने के लिए जुर्माना लगाकर क्षतिपूर्ति करने के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी स्थिति में अवैध खनन नहीं होना चाहिए और यदि खनन होता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। बताया कि जिले में 398 ईंट भट्ठे हैं, जिनमें से 324 भट्ठा संचालकों द्वारा सत्र 2025-26 के लिए विनिमय शुल्क जमा कराया है। कहा कि जिन भट्ठा संचालकों ने शुल्क जमा नहीं कराया है उन्हें नोटिस दिया जाए। निवाड़ा स्थित एआई-चेक गेट से जारी 403 वाहनों को नोटिस जारी किया गया है। इन पर एक करोड़ 65 लाख 60 हजार रुपये बकाया है। अवैध रूप से परिवहन करने वाले 178 वाहनों को एम-चेक नोटिस दिया। जिन पर 76 लाख 50 हजार 990 रुपये बकाया चल रहा है। उन्होंने सभी से बकाया जमा कराने के आदेश दिए।
डीएम ने कहा कि रात में किसी भी तरह से खनन न किया जाए और यदि कोई खनन करता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस दौरान एडीएम विनीत कुमार उपाध्याय, जिला खनिज अधिकारी वीरेंद्र प्रताप सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राघवेंद्र सिंह, सीओ विजय कुमार आदि मौजूद रहे।