तेजी से बढ़ रहा कोरोना संक्रमण ने बढ़ाई स्वास्थ्य विभाग की चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। इसके मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। जिले में शनिवार को 60 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें कोविड़ अस्पताल में भर्ती कराकर गलियों को सील करा दिया है। यहां आपात स्थिति को छोड़ लोगों के आवागमन पर प्रतिबंधित रहेगा। 17 मरीजों को स्वास्थ्य लाभ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उधर, प्रशासन ने 16 नए कंटेनमेंट जोन घोषित किए है।
सीओ डॉ. आरके टंडन ने बताया कि जिले में शनिवार को 60 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब जिले में 2771 लोग संक्रमित और 326 केस एक्टिव हो गए हैं। इसलिए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमितों के क्षेत्रों को सील कर दिया है। इमरजेंसी को छोड़कर आवागमन पर प्रतिबंधित कर दिया है। यहां होम डिलीवरी की व्यवस्था की गई है। सैनिटाइजेशन किया गया। संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की सूची तैयार कराई जा रही है। सीएमओ ने संक्रमण से बचाव के लिए कोविड गाइडलाइन का पालन करने, विटामिन सी, फल, ताजी सब्जी और गर्म पानी का सेवन करने की सलाह दी है।
ये बनाए गए कंटेनमेंट जोन
बागपत। स्वास्थ्य विभाग की संस्तुति पर जिलाधिकारी राजकमल यादव ने जिले में 16 नए कंटेनमेंट जाने घोषित कर आवागमन पर पांबदी लगा दी है। नगर पालिका बड़ौत के अर्जुनपुरम, ईदगाह वाली गली, मुकुंदपुरी बिनौली रोड, पट्टी चौधरान, शांतिनाथ वाली गली, रोहित स्वीट्स, शांतिपुरम गली नंबर तीन, बरवाला, गुराना के अतिरिक्त वाजिदपुर, जौनमाना, बड़ावद, छपरौली क्षेत्र का ककौर, रमाला, बिनौली क्षेत्र का गल्हेता, बिनौली को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। सभी उप मजिस्ट्रेट, जोन मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी, सेक्टर पुलिस अधिकारियों को कंटेनमेंट जोन में सीलिंग व सैनिटाइजेशन कराने के लिए स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। इन क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की डोर स्टेप डिलीवरी के अतिरिक्त कांटेक्ट ट्रेसिंग बढ़ाई जाएगी। इन क्षेत्रों में आकस्मिक स्थिति के दौरान आवागमन पर छूट रहेगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से होम क्वारंटीन किए लोगों की निगरानी करेगी।