रटौल। क्षेत्र में कुत्तों व बंदरों ने तीन दिन में 75 लोगों को काटकर घायल कर दिया। सभी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाई। साथ ही बंदरों व कुत्तों को पकड़वाने की मांग की।
रटौल कस्बे के अलावा गढी कलंजरी, नंगलाबड़ी, निरौजपुर, डगरपुर, टुकाली आदि गांवों में कुत्तों और बंदरों का आतंक बना है। इसके चलते लोग काफी परेशान हैं। पिछले तीन दिन में रटौल पीएचसी पर 75 से ज्यादा लोगों को एंटी रैबीज वैक्सीन लगी है। इनमें रटौल के समद, इलमा, सन्नो, साकिर, सौरव, आफरीन, देशपाल, वाहिद, गढ़ी कलंजरी निवासी अंजलि, कृष्ण, अहमदनगर के आनंद, मुबारिकपुर के महताब को काटकर घायल किया। इसके अलावा नंगलाबड़ी निवासी पुष्पा, मेघा, माया देवी, निरौजपुर निवासी भोपाल, डगरपुर निवासी अजित आदि ने रटौल पीएचसी पर पहुंचकर एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाई। साकिर, नसरीन, रानी, असद, अभिलाष, अकरम, सारिक, सुनील, इलमा, आसिफ, जुनैद, अफजल, जोया आदि ने कहा कि कुत्तों व बंदरों के कारण उनका घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। शिकायत के बाद भी बंदरों व कुत्तों को नहीं पकड़वाया जा रहा है, जिससे काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से कुत्तों व बंदरों को पकड़वाने की मांग की।