चिकित्सकों ने खुद को भी क्वारंटीन किया
बागपत। कोरोना वायरस में ड्यूटी कर रहे चिकित्सकों ने खुद को भी क्वारंटीन कर लिया है। ड्यूटी के दौरान चाय पानी पीने के लिए ही चिकित्सक बाहर निकलते हैं और परिजनों का एक निश्चित दूरी बनाकर हाल पूछते हैं। ड्यूटी के बाद घर आने पर भी चिकित्सक परिजनों से दूरी बनाकर अलग कमरे में रहते हैं। चिकित्सकों ने अस्पताल की तरह अपने घर में एक कमरे को क्वारंटीन रूम बना लिया।
जिला अस्पताल में इमरजेंसी में ड्यूटी कर रहे डॉ. ताहिर का कहना है कि कोरोना की महामारी के चलते उन्होंने अपने आप को क्वारंटीन कर लिया। फोन पर बच्चों और परिजनों का हाल पूछते हैं। ड्यूटी के दौरान चिकित्सकों के लिए जिला अस्पताल में बनाए गए क्वारंटीन कक्ष में समय व्यतीत करते हैं। घर आने से पहले अपने कपड़े अस्पताल में ही रखकर आते हैं और कपड़े बदलकर घर के लिए निकलते हैं। घर आने पर भी एक कमरे के अंदर बच्चों से दूर रहते हैं। उन्होंने अपने आप को घर के एक कमरे में क्वारंटीन कर लिया है। वह अपने कमरे में ही खाना पीना करते हैं और परिजनों से दूर रहकर वार्तालाप होता है।