पुराना कस्बे में पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी देता युवक।
- फोटो : amar ujala
बागपत में एक लाख रुपये की मांगी गई रंगदारी नहीं देने पर बागपत के केतीपुरा निवासी पुश व्यापारी बिल्लू कुरैशी पर कार में सवार चार लोगों ने मंगलवार शाम फायर झोंक दिया। वह गोली लगने से बाल-बाल बचे। इससे मौके पर हड़कंप मच गया। लोगों ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ित ने कोतवाली में वारदात के संबंध में तहरीर दी।
पशु व्यापारी बिल्लू कुरैशी ने दी तहरीर में कहा वह मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे मोहल्ले में ही अपने मौसेरे भाई के साथ बैठा था। तभी वहां पर लाल स्विफ्ट गाड़ी आई। इसमें चार लोग बैठे थे। एक युवक ने धमकी दी रुपये नहीं दिए तो भुगत अंजाम, तभी उसने गाड़ी की खिड़की से हाथ निकालकर तमंचे से उन पर फायर झोंक दिया।
वे गोली लगने से बाल-बाल बचे। इससे वहां भगदड़ मच गई। इसके बाद आरोपी कार लेकर भाग गए। लोगों ने कार का काफी पीछा किया,लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। आरोप है हमला करने वालों में दो युवक शहर के हैं। वारदात से पूरा परिवार भयभीत है। पीड़ित ने काफी लोगों के साथ कोतवाली पर पहुंचकर वारदात की शिकायत की।
पीड़ित ने बताया 12 मई की रात में करीब दस बजे उसके मोबाइल पर फोन आया था। फोनकर्ता ने खुद को फुरकान बताते हुए उससे एक लाख रुपये की मांग की गई थी। धमकी दी थी कि रुपये नहीं दिए तो उसे जान से मार दिया जाएगा। उसने पुलिस को इस बारे में बताया था। पुलिस के सामने भी उनके मोबाइल पर तीन बार आरोपी का फोन आया था।
आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी थी। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने कहा प्रथम दृष्टता मामला रुपये के लेनदेन का प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच चल रही है। इसी के आधार पर कार्रवाई होगी।
बिल्लू कुरैशी पर ऊंट तस्करी के मुकदमे
बागपत। पुलिस ने कहा आरोपी बिल्लू कुरैशी पर ऊंट तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल सभी केसों में वह जमानत पर है।