बागपत के पटौली गांव की महिला का आरोप है उसका देवर उन पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी देता है। इतना ही नहीं आरोपी ने उनके खिलाफ मारपीट का झूठा केस दर्ज करा दिया है। उसने कोतवाली पुलिस से शिकायत की है।
पीड़ित महिला बीरमति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके देवर ने धर्म परिवर्तन कर इस्लाम धर्म अपना लिया है। वह उस और उसके परिवार पर भी धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा है। उन्होंने ऐसा करने से मना किया तो आरोपी उन्हें परेशान कर रहा है। आरोपी आए दिन उनके साथ गाली-गलौज कर झगड़ा करता है।
आरोप है कि उसने उनके खिलाफ कोतवाली में मारपीट का झूठा मुकदमा भी दर्ज करा दिया है। जबकि, उन्होंने उसे कुछ नहीं कहा है। पीड़िता ने गांव के लोगों के साथ कोतवाली पर पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाली एसएसआई लोकेंद्र शर्मा का कहना है कि मामला मारपीट का है। मामले की जांच चल रही है।