खेकड़ा (बागपत)। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने होली पर्व के मद्देनजर पुलिस बल के साथ खेकड़ा शहर में पैदल भ्रमण किया। लोगों से होली का त्यौहार मिलजुलकर मनाने की अपील की। साथ ही माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
होली के त्यौहार को लेकर शासन प्रशासन सतर्क बना है। शनिवार की दोपहर दो बजे डीएम शकुंतला गौतम और एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव खेकड़ा कोतवाली पहुंचे। यहां से वह पुलिस बल के साथ शहर के बाजार, गली मोहल्लों में पैदल भ्रमण के लिए निकले। उन्होंने लोगों से होली का त्यौहार आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। व्यापारियों से केमिकल वाले रंग न बेचने और लोगों से ऐसे रंगों से होली न खेलने की भी अपील की। साथ ही माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान एसडीएम राजपाल सिंह, सीओ दिलीप सिंह, कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा मौजूद रहे।