छपरौली क्षेत्र के बदरखा खादर में डीएम व एसपी से समस्या रखते किसान
- फोटो : amar ujala
बागपत के छपरौली में बदरखा और जागौस गांव के खादर में हरियाणा के लोगों पर अवैध खनन कर यमुना की धार मोड़ने के आरोपों के मामले में रविवार को डीएम हृदय शंकर तिवारी और एसपी अजय शंकर राय जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान पता चला कि बालू खनन हरियाणा की सीमा में हो रहा है। सही स्थिति जानने के लिए जल्द ही पैमाइश करने का निर्णय लिया गया।
पुलिस और प्रशासन के अफसरों के पास लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं कि हरियाणा के लोग बदरखा और जागौस गांव की सीमा में अवैध खनन कर रहे हैं। जेसीबी और पॉकलेन मशीन से इस कदर खनन किया जा रहा है कि यमुना की धार भी मुड़ गई है। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में यमुना का पानी गांव में घुस आएगा। खेत की जमीन का भी कटान होगा। इससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। डीएम और एसपी ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने दोनों गांवों में पहुंचकर पहले लोगों की समस्याएं सुनीं। बाद में जायजा लेने यमुना खादर में पहुंचे।
दोनों अधिकारियों ने खादर में पूरी जांच-पड़ताल की। इस दौरान गंाव के काफी लोग भी मौजूद रहे। एसपी अजय शंकर राय ने बताया कि बदरखा गांव के सामने हरियाणा की ओर बालू का खनन हो रहा है। प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि हरियाणा के लोगों ने अपनी सीमा में ही खनन किया है। सही स्थिति का पता लगाने के लिए जल्द ही हरियाणा के अफसरों से वार्ता कर यमुना-खादर की पैमाइश कराई जाएगी, ताकि इस मुद्दे पर विवाद न हो।
शराब की तस्करी पर लगाई जाए रोक
छपरौली। जागौस गांव के लोगों ने डीएम और एसपी से कहा कि उनको समय पर राशन नहीं मिलता है। गांव में शराब की तस्करी होती है। इसी तरह बदरखा गांव के लोगों ने बताया कि ट्यूबवैलों और मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने अब तक खुलासा नहीं किया है। गांव में होने वाली शराब की तस्करी पर रोक लगाई जाए। इस दौरान अफसरों ने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। पात्रों को पेंशन मिल रही है या नहीं, इसकी जानकारी भी ली।