बागपत। मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर नयागांव उर्फ हमीदाबाद के समीप बाइकों में आमने सामने की भिड़ंत में खेकड़ा की पट्टी अहिरान के डीजे संचालक की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक घायल हो गया। वहां पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में ले लिया और घायल का सीएचसी में उपचार कराया।
खेकड़ा की पट्टी अहिरान का रहने वाला सागर उर्फ तुषार (21) डीजे संचालक है, जो मंगलवार शाम बुलेट बाइक लेकर किसी काम से मीतली गया था। लौटते समय मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर सागर नयागांव उर्फ हमीदाबाद के समीप पहुंचा तो सामने से आ रहे अंबुज निवासी बागपत के साथ उसकी बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में सागर उर्फ तुषार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंबुज गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और घायल को एंबुलेंस बुलाकर सीएचसी पहुंचाकर उपचार कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकें हटाकर आवागमन शुरू कराया। बताया कि मृतक दो भाइयों में बड़ा था। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अग्रवाल मंडी टटीरी में रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास के निर्माण कार्य के चलते मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे बंद किया गया है। इसके चलते हमीदाबाद उर्फ नयागांव में नेशनल हाईवे पर वनवे किया गया है। राहगीरों ने बताया कि वनवे के चलते दोनों बाइकों में आमने सामने की भिड़ंत हो गई।