बागपत। लॉकडाउन 4 में शहरी क्षेत्र की दुकानें खोलने पर सहमति बन गई है। जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों के साथ कलक्ट्रेट में बैठक के बाद डीएम शकुंतला गौतम ने रोस्टर जारी कर दिया है। ट्रेड और रोस्टर के अनुसार दुकानें सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक खुलेंगी। किराना स्टोर को एक बजे तक की छूट रहेगी। नोडल अधिकारी एडीएम अमित कुमार सिंह, एसडीएम रामनयन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर, बड़ौत पालिकाध्यक्ष अमित राणा शामिल रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाएगा और व्यापारी प्रशासन का पूरी तरह सहयोग करेंगे।
सोमवार, बुधवार और शुक्रवार
- रेडीमेड गारमेंटस, वस्त्रालय एवं साड़ी, टेलरिंग शॉप, गिफ्ट स्टोर, बच्चों के खिलौने, घड़ियों की दुकानें, पर्स बैग, ट्रॉली बैग, ज्वैलरी शॉप, कॉस्मेटिक शॉप, चूड़ी की दुकानें, जूते-चप्पल की दुकान, फोटो स्टूडियो, बर्तन व साड़ी दुपट्टा, रंगाई की दुकानें, लांड्री, ड्राइक्लीनर्स की दुकानें खुलेंगी। फर्नीचर की दुकानें, टीवी, फ्रिज, कूलर, एसी, इलेक्ट्रॉनिक आइटम एवं रिपेयरिंग की दुकानें, चश्मे एवं मुहर की दुकानें खुलेंगी।
मंगलवार, गुरुवार और शनिवार
- कंप्यूटर, मोबाइल शोरूम एवं रिपेयरिंग, बिल्डिंग मैटेरियल, सीमेंट, बालू, मोरंग, सरिया, लोहे की दुकानें, हार्डवेयर, पेंट, सैनेटरी आइटम की दुकानें, पलबंर, मशीनरी, ट्रांसपोर्ट और ट्रैवल एजेंसी के ऑफिस, बुक स्टेशनरी, स्कूल बैग, स्कूल यूनिफार्म की दुकान, प्रिंटिंग प्रेस, फ्लैक्स प्रिंटिंग, साइकिल की दुकान, ऑटोमोबाइल, ऑटोपार्ट्स, गाड़ियों के सर्विस सेंटर (गैराज के अंदर), लकड़ी मंडी की दुकानें खुलेंगी।
रोजाना खुलेंगी सब्जी और फल मंडी
बागपत। थोक की सब्जी और फल मंडी सुबह चार से सुबह सात बजे तक रोजाना खुलेंगी। फल और सब्जी मंडी का रिटेल का वितरण सुबह छह से सुबह नौ बजे तक किया जाएगा।
डोर स्टेप डिलीवर का वक्त
बागपत। रोजाना डोर स्टेप डिलीवरी के लिए सुबह सात से शाम छह बजे तक का समय निर्धारित रहेगा। इसमें फल, सब्जी, दूध, ब्रेड, किराना, खाद्यान्न सामग्री और दवाओं की डोर स्टेप डिलीवर होगी।
इन दुकानों को रहेंगी एक बजे तक की छूट
बागपत। थोक फुटकर किराना स्टोर, जनरल स्टोर, आटा चक्की, वाटर कैंपर, कृषि यंत्र की दुकानें, खाद, बीज कीटनाशक दवाओं की दुकानें, हरा चारा, पशु आहार की दुकानें, मछली का दाना, मोची की दुकान, जूता चप्पल रिपेयरिंग शॉप, कूरियर ऑफिस, मिठाई की दुकानों पर सिर्फ बिक्री, नमकीन, बेकरी की दुकान( स्थायी रूप से बनें प्रतिष्ठान में ही खोले जाएंगे एवं फूड लाइसेंस आवश्यक रहेगा), ड्राई फ्रूट, अंडा, मीट की दुकानें, आवश्यक वस्तुएं सेवाओं से संबंधित, कामर्शियल वाहनों के ड्राइवर व क्लीनर के लिए हाईवे पर ढाबा दोपहर एक बजे तक खुल सकेगा।
शाम छह बजे तक खुलेंगी यह दुकानें
बागपत। मेडिकल स्टोर, आयुष स्टोर, जन ओषधि केंद्र, पंचर वाहन रिपेयरिंग की दुकान, दूध की दुकानें, रेस्टोरेंट (होम डिलीवरी) की दुकानें शाम छह बजे तक ही खुल सकेंगी।
आसान होगी शादी-ब्याह की खरीदारी
बागपत। शेड्यूल से शादी ब्याह का सामान खरीदने में आसानी होगी। विवाह में प्रयोग होने वाले सामान के लिए एक साथ शेड्यूल बनाया गया है।
इन व्यापारी नेताओं ने रखा पक्ष
बागपत। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष अरुण तोमर बॉबी, महामंत्री संजीव जैन, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता, मंत्री पंकज गुप्ता, व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान के जिलाध्यक्ष विनोद गोयल, जिला महासचिव आकाश बंसल, नगर कोषाध्यक्ष उत्सव जिंदल, संयुक्त व्यापार वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नंद लाल डोगरा, जिला महामंत्री संजय रूहेला, पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रवि पालीवाल, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के उध्यक्ष भूपेश बब्बर, महामंत्री अनुराग जैन मौजूद रहे। सेक्टर मजिस्ट्रेट, सीओ, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे।
बुजुर्ग और बच्चों को रखें बाजार से दूर
बागपत। दस साल से कम उम्र के बच्चे और 65 साल से अधिक की उम्र के लोगों को बाजार न भेजें। इन पर संक्रमण का खतरा रहता है। बीमार भी बाजार जाने से बचें।
मास्क नहीं लगाया तो नहीं मिलेगा सामान
बागपत। बाजार खुलने के दौरान व्यापारियों को मास्क की अनिवार्यता रखनी होगी। इसके अलावा सैनिटाइजर रखने के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। पुलिस और प्रशासन की टीम घूमकर बाजार का भ्रमण करने का कार्य करेगी। दुकानदार गमछा, तौलिया, रुमाल, दुपट्टा, फेसकवर और गलव्स का इस्तेमाल करेंगे।
साप्ताहिक बंदी भी देगी झटका
बागपत। शहरी क्षेत्र के बाजार में जिस दिन साप्ताहिक बंदी निर्धारित है, उसी दिन बंदी रहेगी। बड़ौत में बुधवार को साप्ताहिक बंदी होती है, ऐसे में इस दिन के शेड्यूल में जो दुकानें खुलनी थी, वह बंद रहेगी। ऐसे दुकानदारों को सिर्फ सप्ताह में दो दिन का ही मौका मिलेगा। यही हाल बागपत, खेकड़ा, अग्रवाल मंडी टटीरी, छपरौली, दोघट, टीकरी, अमीनगर सराय में भी रहेगा।
हॉट स्पॉट एरिया की व्यवस्था
बागपत। इन एरिया में केवल स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छता के कार्य एवं डोर स्टेप डिलेवरी के कार्य की अनुमति होगी। चिकित्सा विभाग, सैनेटाइजेशन टीम एवं आवश्यक वस्तुओं की डोर स्टेप डिलीवरी के अलावा सभी प्रकार की गतिविधियां प्रतिबंधित रहेगी।
जारी रहेगा नाइट कर्फ्यू
बागपत। जिले में शात सात से सुबह सात बजे तक आवागमन और वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
यह भी रखें याद
- एंड्रायड मोबाइल फोन धारक, दुकानदारों, प्रतिष्ठानों के लिए आरोग्य सेतु एप एवं आयुष कवच कोविड एप अनिवार्य होगा।