बागपत में पंचायत चुनावों का बिगुल बज चुका है। जिले में चार चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। पहले चरण में पिलाना और खेकड़ा ब्लाक में चुनाव होंगे, जिसमें सात वार्ड शामिल हैं। अंतिम चरण में सिर्फ बिनौली ब्लाक में चुनाव कराए जाएंगे।
जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत के लिए चुनावों की तिथि घोषित होते ही प्रत्याशियों में उत्साह का संचार हो गया है। जिले में पहले चरण का मतदान नौ अक्तूबर को होगा, जबकि अंतिम चरण का मतदान 29 अक्तूबर को किया जाएगा।
जिले के छह ब्लाकों के जिला पंचायत के 21 वार्डों एवं क्षेत्र पंचायत के 514 वार्डों में चुनाव कराया जाना है। पहले और तीसरे चरण में 2-2 ब्लाकों में चुनाव कराए जाएंगे, जबकि दूसरे एवं चौथे चरण में एक-एक ब्लाक में चुनाव कराया जाएगा।
पहले चरण में पिलाना और खेकड़ा ब्लाक में चुनाव कराया जाएगा। जिसमें जिला पंचायत के वार्ड 15, 16, 17, 18, 19, 20 और 21 नंबर वार्ड के चुनाव होंगे।
दूसरे चरण में बड़ौत विकास खंड क्षेत्र के वार्डों का चुनाव कराया जाएगा। जिला पंचायत के वार्ड 8, 9, 10, 11 एवं 12 नंबर वार्ड में चुनाव होगा। तीसरे चरण में बागपत और छपरौली विकास खंड क्षेत्र का चुनाव कराया जाएगा।
इसमें जिला पंचायत के वार्ड नंबर 5, 6, 7, 13 और 14 शामिल हैं। चौथे चरण में बिनौली विकास खंड क्षेत्र का चुनाव कराया जाएगा। जिला पंचायत के वार्ड 1, 2, 3 और 4 नंबर वार्डों में चौथे चरण में चुनाव होगा।