बड़ौत। दाहा गांव स्थित राणा फिलिंग स्टेशन से वाहन चालक डीजल-पेट्रोल डलवाकर ऑनलाइन भुगतान कर चले गए और उनके रुपये साइबर ठग ले गए। वहां शनिवार रात में ठगों ने अपना बार कोड लगा दिया और रविवार सुबह तक करीब 200 ग्राहकों ने बार कोड पर डेढ़ लाख रुपये से अधिक भेज दिए गए। इसका रविवार सुबह पता चलने पर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई तो पुलिस के पास शिकायत पहुंची।
दाहा गांव स्थित राणा फिलिंग स्टेशन पर साइबर ठगों का यह नया कारनामा देखने को मिला। वहां शनिवार रात बाइक सवार दो युवक आए और वहां पर पंप मालिक के बार कोड पर अपने बैंक खाते से अटैच बार कोड लगाकर चले गए। इसके बाद पंप पर अपने वाहनों में डीजल और पेट्रोल डलवाने आए ग्राहकों ने ऑनलाइन भुगतान भी किया, जिनकी धनराशि सीधी साइबर ठगों के खाते में ट्रांसफर हो गई।
पंप मालिक कमलेश राणा को रविवार सुबह कुछ गड़बड़ी होने का शक हुआ क्योंकि शनिवार रात से रविवार की सुबह तक बेचे गए डीजल-पेट्रोल के रुपये खाते में नहीं पहुंचे। पंप मालिक कमलेश राणा व उनके बेटे विवेक राणा ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई। फुटेज में शनिवार रात 12 बजकर 14 मिनट पर बाइक पर आए दो युवक पंप पर अपना बार कोड चिपकाते हुए नजर आए। पंप मालिक कमलेश राणा ने बताया कि शनिवार रात से रविवार की सुबह तक करीब 200 वाहन चालकों ने डीजल-पेट्रोल खरीदकर ऑनलाइन भुगतान किया। इस दौरान डेढ़ लाख रुपये से अधिक की राशि साइबर ठगों के बैंक खाते में चली गई।
- दुकानदारों के साथ हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
दाहा गांव स्थित पेट्रोल पंप पर बार कोड लगाकर हुई ठगी की घटना इससे पहले दुकानदारों के साथ भी हो चुकी है। बागपत में एक किरयाना की दुकान पर ऐसे ही किसी ने अपना बार कोड लगा दिया और उसके यहां कई घंटे बाद इसका पता चला था। इसमें पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई भी की।
- वर्जन-पेट्रोल पंप पर बार कोड लगाकर ठगी करने की शिकायत मिली है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर बार कोड चिपकाने वालों की पहचान करके तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। - विजय कुमार, सीओ बड़ौत