बागपत। किरठल गांव के इरशाद हत्याकांड में आरोपी और कुख्यात धर्मेंद्र किरठल के साथी सतेंद्र मुखिया को बागपत जेल में शिफ्ट किया। बुधवार को उत्तराखंड पुलिस उसे मुकदमे की सुनवाई पर सीजीएम कोर्ट में पेशी पर लाई थी। कोर्ट के बी वारंट जारी कर उसे बागपत जेल में शिफ्ट किया है।
किरठल गांव के किसान इरशाद की 12 दिसंबर 2020 को चुनावी रंजिश में कुख्यात धर्मेंद्र चौहान उर्फ धर्मेंद्र किरठल ने गिरोह के सदस्य सतेंद्र मुखिया निवासी ग्राम सुन्हेड़ा और सुभाष उर्फ छोटू निवासी कस्बा सिसौली (मुजफ्फरनगर) के साथ मिलकर हत्या की। आरोपितों के खिलाफ किसान इरशाद के बेटे ने रमाला थाना पर मुकदमा दर्ज कराया। गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने कुख्यात धर्मेंद्र किरठल और सुभाष पर 50-50 हजार रुपये व सतेंद्र मुखिया पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।
आरोपित सतेंद्र मुखिया को उत्तराखंड एसटीएफ ने विगत आठ मार्च को हरिद्वार से गिरफ्तार किया। वहीं, आरोपित धर्मेंद्र और सुभाष को नोएडा एसटीएफ ने देहरादून से गत आठ जून को गिरफ्तार किया था। सतेंद्र हरिद्वार जेल में था। धर्मेंद्र व सुभाष बागपत जेल में हैं। इस केस में बी-वारंट पर आरोपित सतेंद्र को लाने के लिए रमाला पुलिस ने अदालत में अर्जी दाखिल की थी। रमाला थाना प्रभारी ने बताया कि अदालत ने अर्जी स्वीकार कर 21 जून को आरोपित सतेंद्र मुखिया को अदालत में पेश करने के आदेश दिए थे। बुधवार को उत्तराखंड पुलिस उसे कोर्ट में लेकर आई । कोर्ट ने सतेंद्र मुखिया का बी वारंट जारी कर दिया। इसके बाद सतेंद्र मुखिया को बागपत जेल में शिफ्ट किया गया।