बागपत। नगर पंचायत टीकरी कार्यालय पर बृहस्पतिवार को बोर्ड बैठक हुई। जिसमें 15वां वित्त आयोग और राज्य वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि में से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष सोमपाल राठी ने कहा कि कस्बे के चहुंमुखी विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए 15वां वित्त आयोग और राज्य वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि के सापेक्ष निर्माण कार्यों में 1.65 करोड़ रुपये के व्यय की स्वीकृति सर्वसम्मति से की। जिसमें सड़क, मार्ग, प्रकाश, पेयजल व्यवस्था, सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्रस्ताव शामिल रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि नगर में सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बरसात के मौसम में कहीं पानी नहीं रूकना चाहिए, इसके लिए सफाई कर्मियों को निर्देश दिए हैं। पेयजल व्यवस्था के साथ साथ प्रकाश व्यवस्था भी दुरुस्त रखने को कहा। वरिष्ठ लिपिक विनोद कुमार ने संचालन किया। बैठक में पूनम, ममतेश, प्रवेश, राजीव, बाबूराम, राहुल राठी, रामबीरी, सोहनबीरी, संजीव, राजपाल, बिदु व सचिन कुमार रूहेला आदि मौजूद रहे।