बागपत। विकास प्राधिकरण अब इकॉनमिक कॉरिडोर के पास आवासीय काॅलोनी विकसित करेगा। कॉरिडोर और अग्रवाल मंडी टटीरी के बीच जमीन चिह्नित करके शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। इसका नक्शा भी जल्द बनवाया जाएगा। अब शासन से मंजूरी और बजट मिलने पर आगे की कार्रवाई शुरू कराई जाएगी।
बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण का गठन हुए 16 साल बीत चुके हैं, लेकिन यहां प्राधिकरण की तरफ से एक भी योजना तैयार नहीं की गई। विकास प्राधिकरण केवल नक्शे पास करने तक ही सीमित है। प्राधिकरण के कोई कालोनी विकसित नहीं करने के कारण अवैध काॅलोनियां कट रही हैं और उनमें मजबूरन लोग प्लॉट खरीद रहे हैं।
इसको देखते हुए ही बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण ने आवासीय काॅलोनी विकसित करने की योजना तैयार की। इसके लिए मेरठ में कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रस्ताव रखा गया तो वहां से मंजूरी मिल गई। प्राधिकरण ने काॅलोनी विकसित करने के लिए कई जगह जमीन देखी, मगर पहले जमीन नहीं मिली।
अब इकॉनमिक कॉरिडोर के पास जमीन चिह्नित की गई है जो कॉरिडोर के मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर बनाए जाने वाले गोल चक्कर के पास है। करीब सौ बीघा जमीन को चिह्नित करके उसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जिससे शासन से उसकी मंजूरी मिलती है तो बजट मंगवाया जा सके और किसानों से जमीन लेने की प्रक्रिया शुरू की जा सके। यह प्रक्रिया जल्द ही होती है तो बागपत में प्राधिकरण की अच्छी आवासीय कालोनी का तोहफा लोगों को मिलेगा।