15 गांवों के इन 1427 परिवारों के लिए बृहस्पतिवार (आज) से चलेगा अभियान
स्वास्थ्य विभाग की ओर से कैंप लगाकर बनाए जाएंगे गोल्डन कार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले के 15 गांव के 1427 परिवार ऐसे हैं, जो आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के पात्र होते हुए भी गोल्डन कार्ड नहीं बनवा रहे हैं। अब ऐसे परिवारों के गोल्डन कार्ड बनाने के लिए बृहस्पतिवार से 29 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। सीएमओ डॉ आरके टंडन ने जन आरोग्य यूनिट को कैंप लगाकर लक्ष्य के अनुरूप गोल्डन कार्ड बनाने के निर्देश दिए है।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र व्यक्ति को पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाता है। जिले में अब तक 20 हजार 117 परिवारों के 64 हजार 393 गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके है। इनमें से तीन हजार 168 लोगों ने योजना का लाभ लिया है, जिन पर दो करोड़ 97 लाख 58 हजार रुपये का खर्च हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गोल्डन कार्ड बनाने के लिए बृहस्पतिवार से 29 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
सीएमओ डॉ आरके टंडन ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य यूनिट को ग्राम सभावार कैंप लगाकर लक्ष्य के अनुरूप गोल्डन कार्ड बनाने के निर्देश दिए है। ग्राम सभाओं में लगने वाले कैंप जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ कपिल सरोहा, डीआईएसएम अभिषेक राणा व जिला शिकायत प्रकोष्ठ प्रबंधक यतिन चौहान के नेतृत्व में कैंप लगाकर पात्रों के गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे।
गांव लक्ष्य (परिवार)
बिलोचपुरा 221
बुढ़सैनी 47
बंदपुर 34
बड़ागांव 70
अहैड़ा 107
जाफराबाद नांगल 51
बावली 140
औसिक्का 140
ककड़ीपुर 49
टांडा 80
चिरचिटा 17
गल्हैता 34
गोसपुर 166
मीतली 138
सिरसलगढ़ 133
आरोग्य मित्रों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बागपत। जिला सूचना प्रणाली प्रबंधक अभिषेक राणा ने बृहस्पतिवार से ग्राम सभा वार लगाए जाने वाले कैंप के बारे में आरोग्य मित्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कैंपों लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पात्रों के गोल्डन कार्ड बनाने के निर्देश दिए।