नलकूपों पर मीटर लगाने के विरोध में प्रदर्शन
बड़ौत। नलकूपों पर मीटर लगाने के विरोध में शुक्रवार को किसान कोताना रोड स्थित विद्युत वितरण खंड प्रथम पर पहुंचे और एक्सईएन प्रथम का घेराव करते हुए हंगामा किया। किसानों ने दो टूक चेतावनी दी कि किसी भी कीमत पर नलकूपों पर मीटर नहीं लगने देंगे।
पूर्व विधायक वीरपाल राठी के नेतृत्व में छपरौली, लूंब, तुगाना, किरठल, बरवाला, बावली, मलकपुर, कोताना, लुहारी, जौनमाना, ढिकाना सहित अन्य कई गांवों के किसान एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर पहुंचे और हंगामा करते हुए एक्सईएन प्रथम गोपाल सिंह का घेराव किया। पूर्व विधायक वीरपाल राठी ने कहा कि पहले से ही किसान बकाया गन्ना भुगतान की मार झेल रहा है, अब विद्युत निगम के अधिकारी अनावश्यक दबाव बनाने के लिए नलकूपों पर मीटर लगा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि विद्युत निगम की टीम गांव में घुसी या नलकूपों पर मीटर लगाने पहुंची तो उन्हें वहीं पर ही बंधक बना लिया जाएगा।
एक्सईएन प्रथम गोपाल ने उच्चाधिकारियों से बातचीत कर समस्या का हल कराए जाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर चौबीस खाप चौधरी सुभाष सिंह, किसान नेता बलजोर सिंह आर्य, हरवीर, जयवीर मौजूद रहे।