शिक्षकों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग
बागपत। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों की समस्याओं को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने डीआईओएस को दिए ज्ञापन में शिक्षकों की पुरानी पेंशन को बहाल कर नई पेंशन की राशि जमा करने की मांग की।
उनका कहना है कि सरकार ने शिक्षकों पर कोरोना वायरस से भी गंभीर बीमारी नई पेंशन योजना शिक्षकों पर थोप दी है। सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को न तो पेंशन का लाभ मिल रहा है और न ही उनकी कटौती का भुगतान हो रहा है। वित्तविहिन शिक्षकों को चार माह से भुगतान नही मिला है। उन्होंने वित्तविहिन शिक्षकों को प्रतिमाह 15 हजार रुपये मानदेय तथा राज्यकर्मियों तथा राजकीय शिक्षकों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ दिए जाने की मांग की। सरकार ने अपने तुगलकी आदेशों से बढ़ी महंगाई पर रोक लगा दी है तथा शिक्षकों का सामूहिक बीमा योजना को बंद कर नगर प्रतिकार भत्तों पर भी रोक दिया है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नियुक्ति पर रोक लगाने के कारण विद्यालयों में सफाई कर्मचारी व चौकीदार की कमी हो गई है। प्रधानाचार्यों व शिक्षकों के पद रिक्त पडे़ है, जिससे विद्यालयों में अव्यवस्था का माहौल है। उन्होंने समस्या का समाधान न होने पर विद्यालय खुलने पर शिक्षक सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी अजयराज शर्मा, सत्यवीर सिंह, इंद्रपाल सिंह, राजेंद्र शर्मा, मनोज कुमार, कुलदीप, कृष्णपाल मौजूद रहे।