संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बसपा कार्यकर्ताओं ने एएसपी से बली गांव निवासी विशेष लोक अभियोजक नरेंद्र पंवार के बेटे को डिजिटल अरेस्ट कर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी साइबर ठगों पर गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। उन्होंने ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अन्य साइबर ठगों को भी गिरफ्तार कराने की मांग की।
बसपा जिलाध्यक्ष विक्रम भाटी समेत अन्य पदाधिकारी मंगलवार को एएसपी प्रवीण कुमार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि विशेष लोक अभियोजक के बेटे वंश को साइबर ठगों ने ब्लैकमेल कर ठगी की और फिर उनकी धमकी से डरकर वंश ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि अन्य फरार है। उन्होंने साइबर ठगों के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। इस मौके पर हाजी फिरोज खान, मदनपाल, बबलू, हरपाल, आवेश, इरफान पठान समेत अन्य मौजूद रहे।
साइबर ठगों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई
बागपत। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर बुधवार को पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में जिले में हो रही आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की गई। साथ ही अधिवक्ता नरेंद्र पंवार के बेटे को डिजिटल अरेस्ट कर ठगी करने और आत्महत्या के लिए उकसाने की घटना में शामिल सभी साइबर ठगों को गिरफ्तार कराने की मांग की। उन्होंने एएसपी को ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रविंद्र देव यादव, हाजी निजात, महबूब मलिक, कृष्णपाल सिंह, राहुल, आकिल, राजू प्रजापति आदि मौजूद रहे।