दोघट। पलड़ी गांव के प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में बच्चों को कक्षा में बैठने से पहले झाड़ू लगानी पड़ती है और इसके बाद वह शिक्षा ग्रहण करते हैं। इससे उनकी शिक्षा प्रभावित होती नजर आ रही है। बच्चों का विद्यालय में झाड़ू लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में बच्चों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बच्चे अपने कक्ष में झाड़ू लगाते दिख रहे हैं और विद्यालय परिसर में पड़ा कूडा सफाई व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। बच्चों को खुद ही सफाई करने के बाद कक्ष में बैठना पड़ता है और इसके बाद शिक्षा ग्रहण करनी पड़ रही है। ऐसे में उनकी शिक्षा पर असर पड़ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में शिक्षकों के प्रति रोष है। प्रधानाध्यापक नितिन कुमार ने बताया कि सफाई के लिए सफाईकर्मी लगा रखे हैं और बच्चों के सफाई कराने की जानकारी नहीं है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी बिनौली बृजमोहन का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है और जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।