बड़ौत (बागपत)। पूर्वी यमन नहर कोताना रोड पर बुधवार की रात में साइड मांगने पर बाइक सवार पांच-छह युवकों ने दिल्ली पुलिस के सिपाही पर चाकू से हमला बोल दिया और उसकी कार में तोड़फोड़ कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पुलिस कर्मी को सीएचसी में भर्ती कराया। घायल ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
भूतपूर्व सैनिक रतन सिंह पुत्र रघुनाथ लुहारी गांव के रहने वाले हैं। फिलहाल वे दिल्ली पुलिस में सिपाही हैं। बुधवार की रात्रि नें रतन सिंह बड़ौत से अपने गांव लुहारी जा रहे थे। पूर्वी यमन नहर कोताना रोड पर जब वे पहुंचे तो वहां पर पहले से ही दो बाइकों पर चार-पांच युवक खड़े थे। साइड मांगने पर उनके साथ कहासुनी हो गई। इसको लेकर युवकों ने रतन पर हमला बोल दिया और चाकू मारकर घायल कर दिया। इतना ही नहीं दिल्ली पुलिस के जवान की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर भाग निकले। पुलिस ने उन्हें पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। बाद मेें पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया । इस संबंध में कोतवाली मामला दर्ज कराया। कोतवाल अजय शर्मा ने बताया कि चारों युवकों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।