बागपत जिले में महालक्ष्मी पूजन धूमधाम से किया गया। लोगों ने न सिर्फ अपने घरों को शानदार तरीके से सजाया, बल्कि जमकर आतिशबाजी भी की। धरती से लेकर आसमान तक रंगीली रोशनी के साथ धमाके आधी रात तक गूंजते रहे। इस दौरान जिले में लगभग दो से ढाई करोड़ रुपये की आतिशबाजी की गई।
बुधवार को सुबह से ही देवी लक्ष्मी के स्वागत के लिए लोगों ने अपने-अपने घरों को अधिक से अधिक सजाने में लग गए। घरों, दुकानों में रंगोली सजाई। महालक्ष्मी के स्वागत के लिए घर के दरवाजे से लेकर छत की मुंडेर तक दीपक रखे गए। घर का कोना-कोना जगमगा उठा।
रंगीन रोशनी से पूरा जिला जगमगाता रहा। दिन भर लोग एक दूसरे को उपहार, मिठाइयां देकर दीपावली की शुभकामनाएं देते रहे। शाम को लोगों ने घरों में महालक्ष्मी पूजन किया। देवी लक्ष्मी के साथ गणेश जी, भगवान कुबेर, मां सरस्वती, हनुमान जी की पूजा अर्चना की। हवन किया गया और प्रसाद वितरण किया गया। घर-घर प्रसाद बांटा गया।
इसके बाद शुरू हुआ आतिशबाजी का दौर। आतिशबाजी तो दिन भर होती रही। लेकिन शाम होते ही गली-मोहल्ले आतिशबाजी से गूंज उठे। छोटे बच्चे फुलझड़ी, तो बड़े बच्चे सुतली बम चला रहे थे। अनार, चकरी, ट्रेन और रोशनी लगी पतंगें भी उड़ाईं गई। राकेट बम से आसमान आधी रात के बाद तक थर्राता रहा।
राकेट के आसमान में जाकर बिखरने के बाद ऐसा लग रहा था मानो तारे टूटकर जमीन पर आ रहे हो। बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने जमकर आतिशबाजी की। इस बार धूम धड़ाका पिछले वर्ष से अधिक रहा। आतिशबाजी के थोक विक्रेता अरविंद गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष लगभग सवा करोड़ रुपये की ही आतिशबाजी जिले भर में चलाई गई। इस बार दो से ढाई करोड़ रुपये की आतिशबाजी का कारोबार हुआ।
धूमधाम से हुई गोवर्धन पूजा
बागपत। जिले में गोवर्धन पूजा धूमधाम से हुई। लोगों ने घरों में गोबर से गोवर्धन बनाकर पूजा की। मंदिरों में अन्नकूट तैयार कर उसका भोग लगाकर उसका वितरण किया गया। गोवर्धन पूजा के लिए लोगों ने घरों में गाय के गोबर से एक उंगली से गोवर्धन पर्वत उठाए भगवान श्रीकृष्ण का चित्र बनाया गया।
उसके बाद उनकी पूजा अर्चना की गई। शहर के मंदिर ठाकुर द्वारा में मंदिर की ओर से अन्नकूट बनवाया गया। तरह तरह की सब्जियों से बने अन्नकूट का भगवान को भोग लगाकर उसका वितरण किया गया। इस मौके पर मंदिर कमेट्र्र्र्र्र्र्री के अलावा वैश्य समाज के लोगों का सहयोग रहा।
जानकारी दास मंदिर में श्री सनातन धर्म परिषद् की ओर से अन्नकूट वितरण किया गया। मेरठ रोड स्थित शिव मंदिर में न्यू कालोनी वासियों और अन्य लोगों ने मिलकर अन्नकूट वितरण किया। सभी मंदिरों में लोग भक्ति भाव के साथ अन्नकूट बनवाने के लिए सब्जियां कटवाने के लिए पहुंच रहे थे।
अमीनगर सराय के शिवमंदिर में गोबर से 11 फुट ऊंचे गोवर्धन महाराज तैयार किए गए। जिसे देखने के लिए लोग उमड़ गए। लोगों ने उसकी परिक्रमा की। रंग बिरंगी लाइटों से इसे सजाया गया था। मंदिर निर्माण में सहयोग करने वालों में राजकुमार शर्मा, सुनील, उमादत्त, यज्ञदत्त, महेश, संदीप बंसल, दीनानाथ पाठक शामिल रहे ।