बागपत। हरियाणा के रोहतक में पुलिस से मुठभेड़ में मारे गए बालैनी के पचास हजार के इनामी बदमाश दीपक फुर्तीला का बृहस्पतिवार को पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। जिसमें मृतक दीपक के परिजनों ने हंगामा भी किया।
अगस्त माह में खैला गांव के हिस्ट्रीशीटर कविंद्र और उसके साले कुलदीप की गोलियों से भूनकर हत्या की घटना के बाद बालैनी का दीपक फुर्तिला फरार हो गया। उस पर पुलिस ने पचास हजार रुपये का इनाम घोषित किया और न्यायालय के आदेश पर उसके मकान की कुर्की भी की गई, लेकिन दीपक हाथ नहीं आया। उसकी लोकेशन पहले कई बार हरियाणा में मिली थी, मगर वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। अब वह रोहतक में पुलिस से मुठभेड़ में मारा गया।
दीपक फुर्तीला पर अकेले बालैनी थाने में 19 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि चांदीनगर थाने में दोहरे हत्याकांड के अलावा दिल्ली, उत्तराखंड में आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था। दीपक की मौत के बाद उसका शव लाकर बृहस्पतिवार को परिजनों ने बालैनी में अंतिम संस्कार किया। इस दौरान काफी पुलिस बल मौजूद रहा।