रमाला। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह रमाला बस स्टैंड के समीप बाइक में पिकअप गाड़ी की टक्कर से विपिन निवासी तुगाना की एक माह की बेटी की मौत हो गई। हादसे में विपिन, उसकी पत्नी पूजा और डेढ़ साल का बेटा घायल हो गए। पुलिस ने पिकअप गाड़ी और उसके चालक को पकड़ लिया।
तुगाना गांव निवासी विपिन मंगलवार की सुबह अपनी पत्नी पूजा, डेढ़ साल के बेटे, एक माह की बेटी को बाइक से बड़ौत के अस्पताल में लेकर जा रहे थे। वहां बेटी को दवाई दिलवानी थी। वह दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर रमाला बस स्टैंड के पास सीएनजी पंप के सामने पहुंचे तो गलत दिशा में सामने से आ रही पिकअप गाड़ी ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार विपिन समेत चारों सड़क पर जा गिरे। इस हादसे में एक माह की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीनों घायलों को बड़ौत के निजी अस्पताल से मेरठ रेफर कर दिया गया। घायल विपिन के भाई रोहित ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि पिकअप और चालक को पकड़ लिया है।