करंट से गोवंशीय पशु की मौत पर हंगामा
बड़ौत। बिजरौल रोड तिराहे पर करंट लग जाने से एक गोवंशीय मौत की मौत हो गई। इसकी सूचना पर लोगों ने जमकर हंगामा किया। बाद में नगर पालिका और विद्युत निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आश्वासन के बाद लोग शांत हुए और गौवंश को दफनाया गया। वहीं बाद में नगर के लोगों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसील पहुंचकर एसडीएम को दिया।
शुक्रवार सुबह बिजरौल रोड तिराहे पर ट्रांसफार्मर के पास पड़े कूड़े पर एक गोवंशीय पशु चर रहा था। इसी दौरान ट्रांसफार्मर से करंट की चपेट में आने से गोवंशीय पशु की मौत हो गई। इसकी सूचना पर सभासद ललित जैन और अन्य लोग जमा हुए और हंगामा किया। नगर पालिका परिषद के अधिकारी और विद्युत निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया और लोगों को शांत किया। बाद में गोवंश को दफना दिया गया। इसके बाद सभासद ललित जैन के नेतृत्व में नगर के लोग तहसील पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उन्हें सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि ट्रांसफार्मर को अधिक ऊंचाई पर रखा जाए और उनकी चारदीवारी की जाए। इस मौके पर गोपीचंद सैनी, सचिन शर्मा, दीपक कुमार, संत कुमार जैन, प्रवीण कुमार आदि शामिल रहे।