ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, बेटा घायल
बिनौली (बागपत)। बड़ौत मेरठ मार्ग पर सोमवार को दोपहर के समय बरनावा पुलिस चौकी के पास एक ट्रक ने बाइक सवार मां और बेटे को टक्कर मारी दी। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया।
मेरठ के भराला गांव निवासी यश पुत्र संजय अपनी मां शशि ( 48) को बाइक से लेकर अपने मामा के यहां बड़ौत जा रहा था। जब वह बड़ौत मेरठ मार्ग पर चल रहे थे तो बरनावा पुलिस चौकी के पास एक कोयले की राख से भरे चौदह टायर वाले ट्रक के चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे महिला सड़क पर गिर गई और ट्रक के पहियों ने उसे कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका बेटा यश भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचीं पुलिस ने ट्रक चालक शाहिद निवासी शेरपुरा मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया। घायल यश को सीएचसी बिनौली में भर्ती कराया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा। चौकी इंचार्ज हरीश चंद त्यागी ने कहा मृतक महिला के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई होगी।