दोघट। तवेलागढ़ी गांव में बहन की फोटो खींचने से मना करने पर चार लोगों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में एक बच्चा भी घायल हो गया। पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव की पट्टी बंजारन निवासी युवक ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह अपने घर पर बैठा हुआ था। गांव का ही युवक आया और उसकी बहन की फोटो खींचने लगा। फोटो खींचने से मना करने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई। आरोप है कि जब पीड़ित उनके घर शिकायत करने पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान रास्ते में एक बच्चा भी घायल हो गया। हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। युवक की तहरीर पर पुलिस ने कैफ, चांद, काला, निन्ना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घायलों को सीएचसी बिनौली में भर्ती कराया है। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार चिकारा ने बताया कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उधर, शाहजहांपुर गांव में खेत पर काम करते हुए मामूली कहासुनी को लेकर मामा-भांजे में झगड़ा हो गया। इसमें दोनों पक्ष के लोगों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में मामा इसुफ, फारुख व भांजा पक्ष के समीर खान, मीरहसन, आसिफ घायल हो गए। दोनों पक्षों ने थाने पर एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।