संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला। थाना क्षेत्र के कासिमपुर खेड़ी गांव में बृहस्पतिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध हालात में तालाब में पड़ा मिला। वहीं, ग्रामीण हत्या का संदेह जता रहे हैं। पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवा दिया है।
कासिमपुर खेड़ी रेलवे स्टेशन के निकट कुछ ग्रामीण सुबह में तालाब की तरफ गए थे। वहां उन्होंने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा तो सनसनी फैल गई। ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। उन्होंने बताया कि मरने वाला आसपास क्षेत्र का निवासी नहीं है। यही वजह है कि शव की शनाख्त नहीं हो पाई। ग्रामीणों ने संदेह जताया कि हत्या करने के बाद शव को तालाब में फेंका है। उसके सिर में चोट के निशान हैं। शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। उसकी उम्र करीब चालीस वर्ष बताई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह रहस्य बना हुआ है। पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हत्या की पुष्टि होने पर रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।