जिले भर में चला चेकिंग अभियान, 79 लोगों के खिलाफ की गई कार्रवाई
दोबारा पकड़े जाने पर दस हजार रुपये जुर्माना लगाने की दी गई चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। पुलिस ने जिले भर में चेकिंग अभियान चलाकर बिना मास्क बाहर निकलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। बृहस्पतिवार को जिले में 79 चालान काटे। प्रति व्यक्ति हजार रुपये के हिसाब से 79 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। दोबारा पकड़े जाने पर दस हजार रुपये जुर्माना लगाने की चेतावनी दी।
एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को कोरोना गाइड लाइन का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद भी लोग नियमों की अनदेखी कर रहे है। नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जा रहा है। बृहस्पतिवार को जिले के चेकपोस्ट, बॉर्डर, मुख्य मार्गों व चौराहों पर चेकिंग अभियान चलाकर 79 लोगों के चालान कर 79 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। दूसरी बार मास्क का प्रयोग न करने वालों पर दस गुणा जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने संक्रमण से बचाव के लिए घर से बाहर निकलने समय मास्क का प्रयोग करने का आह्वान किया है। चांदीनगर थाना पुलिस ने दस लोगों के चालान काटे।