चांदीनगर। क्षेत्र के घिटौरा गांव में युवक का शव पेड़ पर फंदे में लटका मिला। मृतक के भाई ने गांव के ही छह लोगों के खिलाफ रंजिश हत्या करने की नामजद तहरीर दी है।
घिटौरा निवासी सतबीर पुत्र चरन सिंह ने खेकड़ा में दी तहरीर में बताया उसका भाई बेगराज (36) मंगलवार की रात में घर से खाना खाकर घेर में सो गया था। जब वह सुबह चार बजे पशुओं को चारा डालने गया तो घेर में ही नीम के पेड़ पर लुंगी के बने फंदे में बेगराज का शव लटका मिला। उसके शोर मचाने पर पड़ोसी आ गए और शव नीचे उतारा गया। मामले की सूचना पुलिस को दी।
परिजनों ने कहा बेगराज की हत्या की गई है। मृतक के भाई ने बताया कि उनकी रंजिश गांव के ही कुछ युवकों से चल रही है। पहले भी वह हम पर हमला कर चुके हैं। इस संबंध में एफआईआर भी दर्ज है। वह लोग बार-बार उन्हें मारने की घमकी दे रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई ने नामजद तहरीर देते हुए गांव के छह युवकों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। उधर, खेकड़ा सीओ योगराज सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का नहीं लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।