बागपत। निजामुद्दीन मरकज से जिले के बड़ौत क्षेत्र में जमात पर निकले सात और जमाती कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जमाती झारखंड, दिल्ली और मथुरा के रहने वाले हैं। इनमें अधिकतर 20 मार्च को जिले में आए थे और अलग-अलग स्थानों पर जमात की। कोरोना के नोडल अधिकारी एडीएम अमित कुमार सिंह ने पुष्टि की है।
बड़ौत के जेएस फार्म हाउस पर जमातियों को क्वारंटीन किया गया है। यहां से सैंपल लेकर मेरठ जांच के लिए भेजे गए थे। फार्म हाउस में ठहरे दो जमाती पूर्व में पॉजिटिव मिले थे। सोमवार की रात मेरठ मेडिकल कॉलेज की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में सात और पॉजिटिव आए हैं। कोरोना के नोडल अधिकारी एवं एडीएम अमित कुमार सिंह ने बताया कि बड़ौत में ठहरे सात जमाती पॉजिटिव पाए गए हैं। यह झारखंड, दिल्ली और मथुरा के रहने वाले हैं। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 14 पर पहुंच गई है, जबकि इनमें एक युवक ठीक होकर अपने घर लौट आया है। इनमें 13 जमाती है।
जिनके संपर्क में आए, वहां चलेगा सर्च अभियान
बागपत। सात जमातियों के पॉजिटिव आते ही प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। यह ट्रेस कराया जा रहा है कि जमाती किस-किसके संपर्क में आए और कौन-कौन से गांव में रहे थे।
रटौल, औसिक्का पहले ही हॉट स्पॉट
बागपत। जिले के रटौल और औसिक्का गांव पहले ही हॉट स्पॉट बने हुए हैं। बड़ौत में भी कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए लोगों की तलाश चल रही है।