बागपत के पूर्व कैबिनेट मंत्री नवाब कोकब हमीद की कामधेनु दूध डेयरी के मैनेजर के मकान से मंगलवार की रात चोर पांच लाख रुपये, आभूषण और कीमती सामान चोरी करके ले गए। मैनेजर ने कोतवाली पर शिकायत की है।
हमीदाबाद गांव स्थित कामधेनु दूध डेरी के मैनेजर धर्मेंद्र सिंह का कहना है वे परिवार के साथ बागपत के बड़ौत रोड पर रहते हैं। उनकी पत्नी अनीता गाजियाबाद अस्पताल में बीमारी के कारण भर्ती थी। वे मंगलवार शाम अपनी पत्नी के पास अस्पताल गए थे।
बुधवार को अस्पताल से अनीता की छुट्टी होने के बाद दोनों शाम को घर पहुंचे तो मकान का ताला टूटा मिला। अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। चोर पांच लाख रुपये नगद, सोने-चांदी के आभूषण, कीमती सामान ले गए। चोर चांदी से बने भगवान गणेश और लक्ष्मी जी की मूर्ति के अलावा रसोई से चीनी, चावल और अन्य सामान भी लेकर गए हैं।
उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह यादव का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।