बिनौली। अमीनगर सराय मार्ग पर शनिवार सुबह कार की टक्कर लगने से साइकिल सवार किसान यशवीर सिंह धामा (70) निवासी बिनौली गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनकी मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
बिनौली निवासी यशवीर सिंह धामा शनिवार सुबह अपनी साइकिल से अमीनगर सराय मार्ग स्थित खेत पर जा रहे थे। गांव के बाहर पहुंचते ही पीछे से आ रही एक कार ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर से यशवीर सिंह दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिवार वाले घायल यशवीर सिंह को मेरठ के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। यशवीर सिंह अपने पीछे पत्नी संतोष, बेटे कुलदीप धामा उर्फ अन्नू और पुत्रवधू अंशिका को छोड़ गए हैं। उनकी बेटियां डोली और मोना हैं, साथ ही भाई सतबीर सिंह और यशपाल सिंह भी हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और उसके चालक को भी पकड़ लिया है। जांच अधिकारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।