छपरौली। जागोस गांव में चोरों का आतंक बढ़ रहा है। बीते सप्ताह में गांव में चोरी की कई घटना होने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। चोर ई-रिक्शा से बैटरी के अतिरिक्त सोलर लाइट की बैटरी चोरी कर ले गए।
गांव के विक्की पुत्र बिहारी ने बताया कि वह मंगलवार को अपने मकान के बाहर ई रिक्शा खड़ी करके सो गया था। देर रात चोर ई-रिक्शा की दो बैटरी चोरी कर ले गए। उसने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसके अतिरिक्त चोर गांव के ही राकेश पुत्र शिवनारायण के मकान की दीवार फांदकर ट्रैक्टर की बैटरी चोरी कर ले गए। दो दिन पहले भी गांव के ही लल्ला के ट्रैक्टर की बैटरी चोरी हुई थी। इसके अतिरिक्त गांव में लगी सोलर लाइटों की भी बैटरी चोरी हो चुकी है। गांव में हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि पुलिस चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम है। ग्रामीणों ने गांव में हो रही घटनाओं का खुलासा कर चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, थाना पुलिस का कहना है कि घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। चोरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद