बड़ौत कोतवाली में मिटिंग करते एडीजी, डीएम व एसपी।
- फोटो : BARAUT
बड़ौत (बागपत)। एडीजी मेरठ जोन राजीव सब्बरवाल ने सोमवार को नगरीय क्षेत्र के संपूर्ण लॉकडाउन का जायजा किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक भी की। इसमें अधिकारियों को अपराध पर अंकुश लगने, सूचना तंत्र को सुदृढ़ बनाने सहित ऑप्रेशन क्लीन के तहत हिस्ट्रीशीटरों की संपत्ति का ब्यौरा जुटाकर आगे की कार्रवाई के लिए दिशा निर्देश दिए।
रविवार को एडीजी राजीव सब्बरवाल ने सर्वप्रथम नगर में संपूर्ण लॉकडाउन का जायजा किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को संपूर्ण लॉकडाउन का पालन न करने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती से निपटने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पर डीएम बागपत शकुंतला गौतम, एडीएम अमित कुमार, एसपी अजय शर्मा के साथ बैठक की और कोरोना वायरस से निपटने के लिए बनायी जा रही कार्य योजना पर मंथन किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अनलॉक-2 पुलिस के लिए एक चुनौती साबित होने जा रहा है। लॉकडाउन खत्म होने के बाद अपराध में बढ़ोत्तरी हो सकती है। इसके मद्देनजर एक ओर जहां लगातार पुलिस मूवमेंट पर बल दिया जाएगा, वहीं लॉकडाउन से उपजे आर्थिक हालातों के मद्देनजर ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाएगा, जो आर्थिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे लोग अपराध की तरफ न चले जाएं। एडीजी ने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर जेल से पैरोल पर छोड़े गए सभी बंदियों की भी निगरानी की जाएगी, ताकि वह कानून व्यवस्था के लिए चुनौती न बन सके। साथ ही ऑप्रेशन क्लीन के तहत जनपद के हिस्ट्रीशीटरों की संपत्ति का ब्यौरा जुटाकर जल्द से जल्द आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है।