बागपत। जिले में कांवड़ यात्रा को लेकर भारी वाहनों का प्रवेश बृहस्पतिवार रात से बंद कर दिया गया। इसके अलावा दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे भी वनवे कर दिया गया। इसमें एक तरफ कांवड़िए तो दूसरी तरफ से हल्के वाहनों को निकाला जाएगा। उधर, पुरा महादेव मंदिर में भी कांवड़ मेले की तैयारी पूरी कर ली गई है। वहां पर सीसीटीवी का कंट्रोल रूम और मेला कोतवाली भी स्थापित कर दी गई।
हरिद्वार और गोमुख से कांवड़ लेकर आने वाले लाखों कांवड़िए जिले के विभिन्न मार्गों से अपने गंतव्य की तरफ रवाना होते हैं। इस दौरान हल्के और भारी वाहनों के संचालन से हादसे होने का खतरा भी बना रहता है। इसके लिए पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान भी लागू कर दिया है। इसमें जिले के सभी बाॅर्डर पर भारी वाहनों को रोककर निर्धारित मार्गों से भेज दिया जाएगा। इसके अलावा 16 जुलाई से हल्के वाहनों का आवागमन भी बंद करा दिया जाएगा।
तीन सुपर जोन और आठ जोन में बांटा जिला : कांवड़ यात्रा को लेकर बागपत जनपद तीन सुपर जोन, आठ जोन और 32 सेक्टर में बांटा गया है। इसके लिए गांवों में बैठकें कर शासन से जारी डीजे के मानक बता दिए गए और अन्य विभागों को भी अलर्ट कर दिया गया है। कांवड़ मार्गों पर 66 मोबाइल सब सेक्टर चलाई जाएंगी, जो हादसा या अन्य घटनाएं होने पर मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालेंगी।