फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanwar Yatra 2026: पुरा महादेव में 20 लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, आज भी चढ़ेगा गंगाजल

Wed, 12 Aug 2026 01:19 AM IST
मेरठ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बागपत

सार

बागपत के पुरा महादेव मंदिर में मंगलवार शाम तक 20 लाख से ज्यादा कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। भीड़ को देखते हुए बुधवार को भी जलाभिषेक जारी रहेगा।
विज्ञापन
बालैनी के पुरा महादेव मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालु व कांवड़िये। संवाद - फोटो : Archive
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पुरा के परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में शिवरात्रि पर बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। वहां मंगलवार शाम तक 20 लाख से ज्यादा कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। मंगलवार सुबह झंडा रोहण के बाद अचानक कांवड़ियों की भीड़ बढ़ गई। उन्होंने चतुर्दशी का जलाभिषेक किया।

विज्ञापन


परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार शाम को लाइन कुछ कम हुई, मगर वहां रात को कांवड़ियों व श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई। इससे मंगलवार सुबह को करीब तीन किमी लंबी लाइन लग गई। वहां कांवड़िये व श्रद्धालु लगातार भगवान आशुतोष का जलाभिषेक व पूजा करते रहे। मंगलवार शाम तक 20 लाख कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।

मंदिर में मंगलवार की सुबह तीन बजकर 54 मिनट पर मुख्य पुजारी जयभगवान शर्मा ने मंत्रोच्चार के साथ झंडा पूजन शुरू कराया, जो चार बजकर 54 मिनट पर खत्म हुआ। इसमें डीएम अस्मिता लाल व एसपी सूरज कुमार राय समेत अन्य काफी गण्यमान्य लोग शामिल हुए। झंडा पूजन होते ही मंदिर परिसर भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर में झंडारोहण होते ही कांवड़ियों व श्रद्धालुओं ने चतुर्दशी का जलाभिषेक शुरू कर दिया।

वहां ऐसे काफी कांवड़िये थे, जो चतुर्दशी का जलाभिषेक करने के लिए ही इंतजार कर रहे थे। इससे वहां अचानक भीड़ बढ़ने पर अव्यवस्था होनी शुरू हो गई, मगर पुलिस कर्मियों ने किसी तरह व्यवस्था संभाली। वहां जलाभिषेक करने के बाद कांवड़िये अपने घर की तरफ रवाना होते रहे। इस दौरान मंदिर कमेटी अध्यक्ष सुनील रोहटा, अरुण शर्मा, संजीव शर्मा, ब्रह्मपाल मलिक, इंद्रपाल मलिक व सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।

आज भी होगा जलाभिषेक, मेला भी रहेगा
मंदिर के मुख्य पुजारी जयभगवान शर्मा ने बताया कि भगवान आशुतोष का जलाभिषेक बुधवार को भी जारी रहेगा क्योंकि जिस तरह से कांवड़िये व श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, उसको देखते हुए सभी बुधवार तक ही जलाभिषेक कर सकेंगे।
 
पुरा महादेव मंदिर के सभी रास्तों पर लगा रहा जाम
पुरा महादेव मंदिर में भीड़ बढ़ने के कारण उस तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर कांवड़ियों व श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लग गई। इससे बालैनी, बढ़सैनी व हिंडन नदी की तरफ वाले रास्तों पर जाम लगा रहा। इससे वाहनों को बैरिकेडिंग से भी काफी पहले ही रोकना पड़ा और श्रद्धालुओं को कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। पुलिस को भी व्यवस्था बनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
 
विज्ञापन

मंदिर में रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
पुरा महादेव मंदिर में मेले में सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पीएसी, अर्धसैनिक बल और पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों से भी मेला क्षेत्र में निगरानी की जा रही है। डीएम अस्मिता लाल, एसपी सूरज कुमार राय व एएसपी प्रवीण कुमार चौहान लगातार मेले का निरीक्षण करते रहे और सुरक्षा में लगी टीमों को दिशा निर्देश दिए गए।
 
श्रद्धालुओं ने मेले में पहुंचकर की खरीदारी
पुरा महादेव मंदिर पर लगने वाले मेले में दुकानें भी लगाई गई हैं। जहां श्रद्धालुओं के साथ पहुंचकर बच्चों ने खिलौने व अन्य सामान खरीदा। वहीं महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन के साथ ही घरेलू सामान खरीदा। पूजन सामग्री, तस्वीर व अन्य सामान की भी श्रद्धालुओं ने खरीदारी की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें