पांची में बुखार से बुजुर्ग की मौत, दस से ज्यादा बुखार से पीड़ित, स्वास्थ्य विभाग नहीं कराता फॉगिंग
फैजपुर निनाना निवासी सीआरपीएफ के जवान की डेंगू से मौत, भतीजी की शादी के लिए आया था घर
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत/चांदीनगर। डेंगू व बुखार अब भी जानलेवा बना हुआ है। ग्राम फैजपुर निनाना निवासी सीआरपीएफ के जवान की डेंगू से मौत हो गई। वह भतीजी की शादी के लिए गांव में आया हुआ था। वहीं, पांची में बुखार से बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि गांव में दस से ज्यादा लोग ग्रसित हैं। गांव के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर फॉगिंग नहीं कराने का आरोप लगाया है।
फैजपुर निनाना निवासी मोहित पुत्र अजब सिंह सीआरपीएफ का जवान था। वह छत्तीसगढ़ में तैनात था। वह एक सप्ताह पहले भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए गांव में आया था। उसकी तबीयत खराब हो गई तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसे डेंगू होने के बारे में पता चला तो परिजन दिल्ली के अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान शनिवार रात तबीयत ज्यादा खराब हो गई और उनकी मौत हो गई। उसका शव रविवार को गांव में लाकर अंतिम संस्कार किया गया।
कई बार पत्र लिखने पर भी नहीं कराई फॉगिंग
फैजपुर निनाना गांव के प्रधान प्रतिनिधि रोहित धनकड़ ने बताया कि गांव में बुखार व डेंगू से कई मौत हो चुकी है। इसका सबसे बड़ा कारण गांव में मच्छर पनपना है। इसलिए सीएमओ को कई बार फॉगिंग कराने के लिए पत्र दिया गया। इसके बावजूद सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि तीन बार पत्र दिया गया है और गांव में एक बार भी फॉगिंग नहीं कराई गई। इस कारण बीमारियों फैल रही हैं।
बुखार से पांची में बुजुर्ग की मौत
पांची निवासी किरणपाल (65) पुत्र ईश्वर पिछले पंद्रह दिनों से बुख़ार से पीड़ित था। उसका दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था। रविवार सुबह हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। गांव के जावेद, शहजाद, कपिल, राजेंद्र, शहनवाज, सोनू में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की जांच कराने की मांग की है।