बागपत की शौकत मार्किट में बिना मास्क के खरीदारी करने पहुंचे लोग
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। साप्ताहिक बंदी के बाद सोमवार को खुले बाजारों में खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। यहां नियमों का ताक पर रखकर खरीददारी की गई। बाजार में खरीददारी करने आए ग्राहकों ने मास्क का प्रयोग करने से परहेज किया। पांडव रोड चौक, होलिका चौक और राष्ट्र वंदना चौक पर पुलिसकर्मी तैनात होने के बावजूद नियमों की धज्जियां उड़ाई।
शनिवार और रविवार की साप्ताहिक बंदी के बाद सोमवार को बाजार खुलते ही भीड़ लगनी शुरू हो गई। बाजार में आए लोगों ने कोरोना गाइडलाइन को ताक पर रखकर खरीदारी की। दुकानों एवं सब्जी और फलों के ठेलों पर लोग एक-दूसरे से सटकर खरीदारी करते नजर आए। दुकानदारों ने भी कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं कराया। पांडव रोड चौक, होलिका चौक व राष्ट्रवंदना चौक पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। इसके बावजूद लोगों ने नियमों का पालन नहीं किया। नगर के बाजार और मार्गों पर लोग बिना मास्क घूमते नजर आए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत का कहना है कि संक्रमण से बचाव के लिए एहतियात जरूरी है। गाइडलाइन का पालन करने से ही संक्रमण से बचाव किया जा सकता है।