मुठभेड़ में पुलिस की गोली से बदमाश घायल, दबोचा
बड़ौत। पशु पैंठ के पास से बिजरौल रोड को जाने वाले बाईपास पर बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मौके से गोलियों के खोखे, बाइक व तमंचा बरामद हुआ है। आरोपी ने मंगलवार की रात अपने भाई के साथ मिलकर एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया था।
सीओ आलोक सिंह ने बताया कि बड़ौत कोतवाली प्रभारी अजय शर्मा को सूचना मिली कि गुराना रोड बड़ौत निवासी सोनू जाट पुत्र राकेश किसी घटना को अंजाम देने के फिराक में बिजरौल रोड से बाईपास पर बाइक से पशु पैंठ की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रेलवें अंडरपास के नजदीक घेर लिया। पुलिस को देखकर सोनू जाट जंगल में बाइक को दौड़ा दिया। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने तमंचे से फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर की तो एक गोली बदमाश के बाएं पैर में जा लगी और लहूलुहान होकर गिर गया। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। आरोपी सोनू जाट ने मंगलवार रात गुराना रोड निवासी सोनू शर्मा पुत्र कामेश्वर पर फायरिंग कर दो गोलियां चलाई थी जो उसकी छाती व सिर में लगी थी। उसे मेरठ रेफर किया गया था। तभी से पुलिस आरोपी के लिए दबिश दे रही थी। मौके से बरामद बाइक लूट की बताई जा रही है।
सोनू पर दर्ज है कई मामले
बड़ौत। सीओ ने बताया कि सोनू जाट पर छह मामले न्यायालय में विचारधीन है। इसमें 307, अपहरण, गुंडा एक्ट, आर्म्स एक्ट व मंगलवार की घटना में भी वह नामजद हुआ था। उसकी पुलिस काफी दिनों से तलाश में जुटी थी। थाना प्रभारी अजय शर्मा, एसएसआई बलराम सिंह, कांस्टेबल सचिन चौधरी, देवेंद्र कसाना, रोहित भाटी आदि शामिल थे।