क्षेत्र के एक गांव की महिला से साथ तीन युवकों द्वारा गैंगरेप का मामला प्रकाश में आया है। आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया गया। तीनों की धुनाई कर पुलिस को सौंपा गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता को डॉक्टरी के लिए भेजा गया है।
घटना शुक्रवार दोपहर बाद की है। गांव की एक महिला हरियाणा में एक रिश्तेदारी से अपने घर जंगल के रास्ते से पैदल ही लौट रही थी। रास्ते में युवकों ने उसे ईख के खेत में खींचकर गैंगरेप किया। महिला की चीख पुकार सुनकर खेतों में काम कर रहे किसानों ने मौके पर आकर आरोपियों को दबोच लिया।
उनकी धुनाई करके गांव में फोन से सूचना दी। गांव से महिला का पुत्र सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने आरोपियों को पुलिस को सौंप दिया। पीड़िता को उसके परिजन थाने पर लेकर पहुंचे। पुलिस ने उसे मेडिकल के लिए सीएचसी पर भेज दिया।
महिला बेहोशी की अवस्था में थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ धर्मेंद्र पंवार ने बताया कि आरोपी गुन्नु पुत्र सतपाल, मनोज उर्फ भूरा पुत्र इंद्रपाल और रविंद्र पुत्र रघुवीर निवासी छपरौली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।