बागपत कोतवाली से पिता-पुत्र को जेल ले जाते पुलिसकर्मी
- फोटो : amar ujala
बागपत। महिला थाने में दो बहनों को तलाक देने पर हमला करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया। वहां से उनको जेल भेज दिया गया है। आरोपी रिश्ते में बाप-बेटा है।
नंगला गांव के यासीन की दो बेटी शबनम और शबाना का निकाह बड़ौत निवासी शहजाद और जुबैर के साथ हुआ था। उनका आपसी विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों में समझौते के लिए बृहस्पतिवार को महिला थाने में बुलाया गया था। वहां पर उनके बीच कहासुनी हो गई थी। शहजाद और जुबैर ने अपनी पत्नियों को तलाक दे दिया था। उसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। शबनम की तहरीर पर शहजाद, जुबैर, नाजिम महतूब, उनके पिता महमूद और रियाजूद्दीन समेत कई अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी ससुर महमूद और जुबैर (शबाना के पति) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उधर, जेल जाते समय आरोपी महमूद ने कहा कि उसके बेटों ने अपनी पत्नियों को तलाक दे दिया है। उनको अब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
तलाक पीड़िता पहुंची कलक्ट्रेट
बागपत। तलाक पीड़िता अपने परिजनों के साथ शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंची। उनका कहना है कि पुलिस आरोपी ससुरालियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। बाकी आरोपियों को भी जल्द से जल्द जेल भेजा जाएं।